ले.जन. एम.सी.बधानी ने थामा कांग्रेस का हाथ

देहरादून।, प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की उपस्थिति में भारतीय सेना से परम विशिष्ठ सेवा मैडल, विशिष्ठ सेवा मैडल अवकाश प्राप्त ले.जन. एम.सी.बधानी ने कांग्रेस पार्टी की रीति-नीतियों पर आस्था व्यक्त करते हुए प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने किया।


ले.जन. एम.सी. बधानी के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले लोगों में रजनीश जुयाल इत्यादि शामिल रहे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक पार्टी है जो सभी धर्मों, वर्गों, सम्प्रदायों एवं जातियों का सम्मान करती है। कांग्रेस पार्टी ने आजादी से लेकर आज तक राजनीति के साथ-साथ समाज सुधारक के रुप में भी काम किया है तथा समाज को समय समय पर जरुरत पड़ने पर एक नई दिशा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव, विधानसभा चुनाव से लेकर आज तक सिवाय झूठ बोलने के कुछ भी नहीं किया। जबकि भाजपा की डबल नहीं बल्कि ट्रिपल इंजन की सरकार है जिनके छोटे से कार्यकाल में मंहगाई, भ्रष्टाचार चरम पर है ही मगर लोकतंत्र को भी तार-तार करने का काम किया है। उन्होंने कांग्रेसजनों को विश्वास दिलाया जो भी कांग्रेस परिवार के साथ इन विषम परिस्थितियों में जुड़ने के साथ डटकर अपनी बात को रखने का काम कर रहेें हैं उन सभी कांग्रेसजनों के हितों की रक्षा करना भी कांग्रेस पार्टी का फर्ज है और समय आने पर उसका बखूबी निर्वहन भी किया जाएगा। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि ले.जन. एम.सी. बधानी एवं उनके सहयोगियों के कांग्रेस पार्टी में जुडने से पार्टी/संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए मुस्तैद भारतीय सेना के जवानों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सेवा निवृत्त पूर्व सैनिकों का सम्मान करते हुए कहा कि  भाजपा सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों के साथ जिस तरह का व्यवहार कर रही है कांग्रेस पार्टी उसकी आलोचना करती है। पूर्व में कांग्रेसनीत यूपीए सरकार ने पूर्व सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की मांग को मानते हुए वन रैंक-वन पेंशन लागू करने का निर्णय लिया था, परन्तु केन्द्र में भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही पूर्व सैनिकों के साथ छलावा किया जिससे पूर्व सैनिक अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं तथा आज पूरे देश के पूर्व सैनिक भाजपा सरकार के व्यवहार से आहत हैं। प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र पार्टी है जो देश की सीमाओं की रक्षा के लिए मुस्तैद भारतीय सेना के अधिकारियों व जवानों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सेवा निवृत्त पूर्व सैनिकों का सम्मान करती है। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, पूर्व मंत्री अजय सिंह, पूर्व महामंत्री राजेन्द्र भण्डारी, निवर्तमान प्रवक्ता गरिमा दसौनी, डाॅ0 प्रतिमा सिंह, ललित भद्री, अजय रावत, राहुल राॅबिन पंवार, भरत शर्मा, रजनीश जुयाल आदि उपस्थित थे।