नहीं रहे पूर्व दर्जाधारी कीर्ति सिंह नेगी

देहरादून। लंबे समय तक थौलधार प्रखंड से प्रमुख क्षेत्र पंचायत रहे नेगी का कल भानियावाला आवास में निधन हो गया। वे अक्सर नई टिहरी आवास पर रहते थे लेकिन बढ़ती ठंड को देखते हुए वे आजकल विस्थापित क्षेत्र वाले आवास पर गये और वहीं पर कल उन्होंने अंतिम सांस ली। नेगी खांड गांव मूल निवासी थे। उनके गांव का टिहरी झील के निकट होने की वजह से सरकार ने उन्हें भानियावाला विस्थापित किया। उन्होंने थौलधार में बतौर प्रमुख रहते टिहरी की राजनीति में अपना दबदबा कायम रखा परिणाम स्वरूप कांग्रेस ने उन्हें टिहरी जिलाध्यक्ष जैसा महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा। वे कांग्रेस में तकरीबन 16 साल तक जिलाध्यक्ष रहे। कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार जब विजय बहुगुणा मुख्यमंत्री थे तब उन्हें भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया। वे कुशल राजनेता के साथ ही एक वरिष्ठ अधिवक्ता भी थे। उनमें अथाह ज्ञान संसार था। उनका निधन टिहरी के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके परिजनों ने आज उनका अंतिम संस्कार ऋषिकेश स्थित पूर्णानंद घाट पर किया। उनका टिहरी के लिए दिया गया योगदान अविस्मरणीय रहेगा।